Viral Video: नहाने के लिए बाथरूम में गई थी युवती, 5 मिनट बाद ऐसा क्या हुआ… लगा 1 लाख रुपये से अधिक जुर्माना

कई बार छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी और भारी आर्थिक नुकसान की वजह बन जाती है। ऐसा ही एक मामला ऑस्ट्रेलिया से सामने आया है, जहां एक महिला को महज 5 मिनट तक गर्म पानी से नहाना इतना महंगा पड़ा कि उसे करीब 1,900 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी लगभग 1.30 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा।
दरअसल, महिला गर्म पानी से नहाते समय बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन चलाना भूल गई थी। इसकी वजह से कुछ ही देर में बाथरूम में भाप जमा होने लगी और वह फायर अलार्म सेंसर तक पहुंच गई। इसके बाद पूरी बिल्डिंग में अचानक फायर अलार्म बज उठा और वहां रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
रोजाना की तरह नहाने गई थीं वामिका
इस घटना की जानकारी खुद पीड़ित महिला वामिका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके दी। उन्होंने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं और रोज की तरह उस दिन भी करीब 5 मिनट के लिए गर्म पानी से नहाने गई थीं।
वामिका ने पानी गर्म करने के लिए गीजर तो चालू कर दिया, लेकिन बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन ऑन करना भूल गईं। गर्म पानी से निकलने वाली भाप धीरे-धीरे बाथरूम में भरती गई। कुछ ही मिनटों बाद यह भाप फायर अलार्म के सेंसर तक पहुंच गई और अलार्म एक्टिव हो गया।
पूरी बिल्डिंग में मची अफरा-तफरी
फायर अलार्म बजते ही बिल्डिंग में रहने वाले सैकड़ों लोग बाहर निकलने लगे। कुछ लोग सीढ़ियों के जरिए नीचे पहुंचे, जबकि कई लोग लिफ्ट से ग्राउंड फ्लोर पर आ गए। अचानक अलार्म बजने से कुछ लोगों को लगा कि बिल्डिंग में कोई गंभीर आपात स्थिति पैदा हो गई है। कुछ लोगों ने तो इसे भूकंप तक समझ लिया।
वामिका को शुरुआत में लगा कि शायद बिल्डिंग में नियमित फायर ड्रिल चल रही है। इसी वजह से वह करीब 25 मिनट बाद नीचे पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि बड़ी संख्या में लोग ग्राउंड फ्लोर पर इकट्ठा थे।
मैनेजर ने पूछीवजह
इस बीच बिल्डिंग मैनेजर ने जांच करके पता लगा लिया था कि फायर अलार्म किस अपार्टमेंट की वजह से सक्रिय हुआ। नीचे पहुंचने पर मैनेजर ने वामिका से उनके शॉवर के बारे में पूछा।
वामिका ने जब पूरी बात बताई तो मामला साफ हो गया। उन्होंने बताया कि गर्म पानी से नहाते वक्त एग्जॉस्ट फैन बंद रह गया था, जिसके कारण जमा हुई भाप ने फायर अलार्म सेंसर को सक्रिय कर दिया।
क्यों लगा 1.30 लाख रुपये का जुर्माना?
ऑस्ट्रेलिया में फायर अलार्म और सुरक्षा नियमों को लेकर काफी सख्ती बरती जाती है। इसी वजह से इस घटना के बाद वामिका पर 1,900 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर, यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 1.30 लाख रुपये, का जुर्माना लगाया गया।
सोशल मीडिया पर यह घटना तेजी से वायरल हो रही है। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वामिका के लिए 5 मिनट का यह गर्म पानी वाला शॉवर निश्चित रूप से लंबे समय तक याद रहने वाला है। अब शायद अगली बार नहाते समय वह एग्जॉस्ट फैन चालू करना भूलेंगी नहीं।
