Video: शिमला में बंदर ने उड़ाए 81,800 रुपये, फिर पेड़ पर चढ़कर कर दी नोटों की बारिश, फिर..

ss

pc: amar ujala

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदरों का आतंक एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। यहां उपायुक्त कार्यालय  परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदर ने बैंक में पैसे जमा करने जा रहे शख्स की जेब से 81,800 रुपये से भरा पैकेट झपट लिया और पास के एक पेड़ पर जा चढ़ा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पेड़ पर बैठकर बंदर ने उड़ाए नोट
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित शख्स बैंक में नकदी जमा कराने के लिए जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने हमला बोला और उसकी जेब से रुपयों का पैकेट छीनकर पेड़ की ऊंची डाल पर बैठ गया। इसके बाद जो नजारा देखने को मिला, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। बंदर ने पैकेट से नोट निकाले और एक-एक कर उन्हें हवा में उछालना शुरू कर दिया।

नोट बटोरने के लिए दौड़े कर्मचारी और लोग
पेड़ के नीचे हजारों रुपये के नोट बिखरते देख वहां मौजूद सरकारी कर्मचारियों, आगंतुकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। सभी लोग तुरंत नोटों को समेटने के लिए दौड़ पड़े ताकि पीड़ित शख्स के पैसे वापस मिल सकें। लोगों की मदद से ज्यादातर रकम तो इकट्ठा कर ली गई, लेकिन पीड़ित के अनुसार, करीब 1,500 रुपये फिर भी गायब हो गए। इसके अलावा, बंदर ने कुछ नोटों को फाड़कर नुकसान भी पहुंचाया।


सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों की बढ़ती समस्या को उजागर कर दिया है, जहां आए दिन लोगों के चश्मे, मोबाइल फोन और कीमती सामान छीनने की घटनाएं होती रहती हैं। वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "शिमला में बंदरों ने कहर बरपा रखा है—वे कभी आपका चश्मा ले जाते हैं तो कभी पैसे।" वहीं, एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह शिमला गए थे, तब बंदर फोन और अन्य सामान तक छीन लेते थे।

From Around the web