Video: पहले चुरा लिया महिला का पर्स, फिर स्टेशन की छत पर बैठकर बरसाने लगा पैसे, बंदर का हैरान करने वाला वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो वायरल होते हैं जिन्हे देख कर हम हैरान रह जाते हैं। लेकिन अब एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे एक बंदर का कारनामा नजर आ रहा है जिसमें एक महिला के पैसे चोरी हो गए। यह घटना राजस्थान के करौली जिले की बताई जा रही है। आपने बचपन में बंदर और टोपी वाले की कहानी तो सुनी ही होगी। इसमें बंदर टोपियों से भरा एक डिब्बा चुरा लेता है, लेकिन इस घटना में बंदर ने अपना लेवल थोड़ा और बढ़ा दिया। उसने कोई आम चीज़ नहीं, बल्कि एक महिला का पैसों से भरा पर्स ले लिया। यह घटना श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन पर हुई। पैसों का बैग लेकर बंदर रेलवे स्टेशन की छत पर बैठ गया और वहां से पैसे बरसाने लगा। आइए जानते हैं घटना की डिटेल।
क्या है मामला?
कोटा से जन शताब्दी एक्सप्रेस से उतर रही एक महिला यात्री के हाथ से एक शरारती बंदर ने पर्स छीन लिया। इस पर्स में करीब 40,000 रुपये कैश थे। बंदर पर्स लेकर फुटब्रिज के शीट शेड पर बैठ गया। यहां बैठकर उसने पर्स खोला कि पर्स में कुछ खाने का सामान है या नहीं। फिर क्या था, उसे कुछ खाने का सामान नहीं मिला तो बंदर ने 500 और 200 के नोटों से भरे पर्स में रखे सारे पैसे रेलवे स्टेशन पर फेंकना शुरू कर दिया। हवा में पैसों की बारिश देखकर दूसरे यात्री हैरान रह गए, जबकि कुछ ने यह नजारा अपने फोन के कैमरे में कैद कर लिया।
कोटा रेल मंडल के श्री महावीर जी स्टेशन पर एक बंदर जनशताब्दी एक्सप्रेस से उतरी महिला यात्री कैलाशी कोड़िया का पर्स छीनकर फुटओवर ब्रिज पर चढ़ गया. खाने का सामान समझकर बंदर ने पर्स में रखे ₹40,000 हवा में उड़ा दिए. pic.twitter.com/BrGE0RgXeh
— Vicky Pratyax Singh Rathore (@VickyPratyax25) September 3, 2026
बंदर के पैसे फेंकने के बाद वहां मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने हवा में उड़ रहे पैसों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में पैसे इकट्ठा हो गए और ईमानदारी की वजह से महिला को यह पैसे वापस दे दिए गए। पर्स में रखे 40,000 रुपये में से महिला को 39,000 रुपये वापस मिल गए, लेकिन बाकी 1,000 रुपये नहीं मिले। महिला ने सभी यात्रियों और रेलवे पुलिस को उनकी मदद के लिए धन्यवाद दिया।
यह घटना अभी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और इस घटना का एक वीडियो @expos.enow नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। यह वीडियो बहुत पॉपुलर है और यूज़र्स ने इसके सीन पर अपने रिएक्शन दिए हैं। एक यूज़र ने कहा, “मैं नोटों की बारिश करूँगा ताकि तुम इसे पा सको… बंदर ज़रूर इस गाने का फ़ैन होगा”, दूसरे यूज़र ने लिखा, “शायद बजरंग बली ने इसे लूटा होगा क्योंकि यह काला धन था”, एक और यूज़र ने लिखा, “क्या यह बंदर पिछले जन्म में SBI में कैशियर था?”
