Video: चोर का गजब स्टाइल! पहले नहाया, कॉफी बनाई और किया लुंगी डांस, फिर कर दिया ये कांड

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चोरी का एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंडुआडीह इलाके के एक मोटरसाइकिल शोरूम में घुसे चोर ने भागने की जल्दबाज़ी दिखाने के बजाय अंदर करीब साढ़े चार घंटे बिताए और जाते-जाते 4.71 लाख रुपये की प्रीमियम KTM बाइक लेकर फरार हो गया। पूरी घटना शोरूम के CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले शोरूम का शीशे का मुख्य दरवाजा कटर से काटा और अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने बिना किसी डर के आराम फरमाया। फुटेज में वह कंप्यूटर टेबल पर बैठा, मिनी फ्रिज से सामान निकालता, कॉफी बनाकर पीता और फिर वॉशरूम में जाकर नहाता हुआ नज़र आ रहा है। इतना ही नहीं, उसने अपने गीले कपड़े सुखाने के लिए डाले, शोरूम की ही टी-शर्ट और कैप पहनी, और बॉलीवुड गाने 'लुंगी डांस' पर जमकर डांस भी किया।
वाराणसी में पता है, क्या हुआ?
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 13, 2026
> एक चोर गेट काटकर बाइक एजेंसी में घुसा
> 4 घंटे तक अंदर मौजूद रहा
> कॉफी बनाकर पी
> वॉशरूम में नहाया
> काउंटर पर अंडर गारमेंट सुखाये
> गाना बजाकर लुंगी डांस किया
> मैनेजर की 4.70 लाख की KTM बाइक लेकर फरार हुआ pic.twitter.com/EpKTuRDo2Q
तड़के करीब 4 बजे आरोपी मैनेजर की चाबी लगी हुई KTM बाइक स्टार्ट कर आराम से निकल गया। सुबह जब सुरक्षा गार्ड ने टूटा हुआ कांच देखा, तब इस अनोखी चोरी का खुलासा हुआ।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह के मज़ेदार कमेंट्स कर रहे हैं। फिलहाल, वाराणसी की मंडुआडीह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
