Raipur Viral Video: घर के बाहर बच्चे को गोद में लिए खड़े बुजुर्ग पर सांड का भयानक हमला, हवा में उछाला; रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना CCTV में कैद

AS

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ अपने घर के बाहर बच्चे को गोद में लेकर खड़े एक बुजुर्ग पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मारकर जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्चा उनकी गोद से छिटक कर दूर जा गिरा। सांड के इस जानलेवा हमले का खौफनाक दृश्य पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सांड के खौफनाक हमले की पूरी घटना

वायरल सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बुजुर्ग अपने घर के सामने खाली जगह पर छोटे बच्चे को गोद में लेकर शांति से खड़े थे। इसी दौरान सड़क से एक आवारा सांड अचानक तेज रफ्तार में दौड़ा हुआ आया और सीधे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी।

सांड के प्रहार से बुजुर्ग और बच्चा दोनों जमीन पर गिर पड़े। बच्चा दर्द और डर के मारे रोने लगा।जमीन पर गिरने के बाद भी सांड का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने बुजुर्ग को अपने सींगों से हवा में उठा दिया और बार-बार हमला करता रहा।

बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए सांड के हमले से बचने के लिए पास ही लगे एक लोहे के खंभे को मजबूती से पकड़ लिया। इसके बाद सांड वहां से आगे निकल गया।


महिलाओं ने की तुरंत मदद, बच्चे को सुरक्षित निकाला
चीख-पुकार और मासूम के रोने की आवाज सुनकर घर के अंदर से दो महिलाएं तुरंत बाहर निकलीं। उन्होंने बिना वक्त गंवाए रोते हुए बच्चे को उठाया और सुरक्षित स्थान पर ले गईं। इसके बाद घायल बुजुर्ग को भी संभाला गया और इलाज के लिए घर के अंदर ले जाया गया।

इलाके में दहशत, नगर निगम ने शुरू किया अभियान
यह वीडियो एक्स (Twitter) पर '@TheSchinView' नामक हैंडल से शेयर किया गया है, जिसके बाद से सड़कों पर घूमते आवारा मवेशियों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल है।

क्षेत्र के पार्षद के अनुसार, इस सांड को कुछ समय पहले एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद से उसका व्यवहार बेहद हिंसक और आक्रामक हो गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नगर निगम की टीम ने आवारा सांड को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

From Around the web