Offbeat: रिश्तेदारों के शवों को कब्र से निकालकर उनके साथ नाचते हैं लोग, इस जनजाति की परंपरा है बेहद अजीब

पूरी दुनिया में अलग-अलग परंपराएं निभाई जाती हैं। हर इलाके के अलग-अलग रीति-रिवाज होते हैं। आज हम आपको एक ऐसी रहस्यमयी परंपरा के बारे में बताने जा रहे हैं जिसके बारे में जानकर ही आप हैरान रह जाएंगे और आपके होश उड़ जाएंगे। धर्म चाहे कोई भी हो, जब किसी इंसान की मौत होती है, तो उसकी शांति के लिए अंतिम संस्कार किया जाता है। कुछ लोग मौत के बाद उनके शरीर को ज़मीन में दफ़ना देते हैं, जबकि कुछ लोग उनका दाह संस्कार करते हैं। लेकिन, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक अजीब और डरावना रिवाज सामने आया है जिसमें परिवार के लोग अपने पूर्वजों की कब्र खोदते हैं, उनके अवशेषों को एक नए रेशमी कपड़े में लपेटते हैं और संगीत की धुन पर नाचने लगते हैं।
मेडागास्कर का मालागासी समुदाय फामादिहाना नाम की इस परंपरा को मानता है। लोगों का मानना है कि उनके पूर्वजों की आत्माएं आस-पास ही रहती हैं और समय-समय पर अपने प्रियजनों से मिलने के लिए धरती पर लौटती हैं। फामादिहाना हर पांच से सात साल में मनाया जाता है। इस दौरान कब्रिस्तान एक त्योहार जैसा लगता है। लोग ढोल की थाप पर नाचते हैं, खाना बनाते हैं, और अपने गुज़रे हुए रिश्तेदारों से ऐसे बात करते हैं जैसे वे अभी ज़िंदा हों। टूरिस्ट के लिए यह नज़ारा बहुत बढ़िया होता है। यहाँ उंगली उठाना भी मना है, क्योंकि माना जाता है कि इससे आत्माएँ नाराज़ हो जाती हैं।
2017 में प्लेग फैलने के बाद, सरकार ने नियम लागू किए, जिसमें कब्रें खोलने पर रोक लगा दी गई, खासकर उन लोगों की जो संक्रामक बीमारियों से मरे थे। इसके बावजूद, बहुत से लोग आज भी इस परंपरा को मानते हैं। वे कहते हैं कि यह डर की रस्म नहीं, बल्कि प्यार की रस्म है। यह परंपरा दिखाती है कि हर संस्कृति मौत को अलग तरह से देखती है। कुछ में यह मातम दिखाती है, जबकि कुछ में इसे त्योहार की तरह मनाया जाता है। फामादिहाना की परंपरा, जो हमें अजीब लग सकती है, मालागासी लोगों के लिए सम्मान और प्यार का जश्न मानी जाती है। यही वजह है कि यह परंपरा आज भी अपने लोगों के बीच उतनी ही पॉपुलर और ज़िंदा है।
