न मैट्रिमोनियल, न Tinder: जीवनसाथी पाने के लिए महिला ने शेयर किया Google Form, 240 से ज्यादा मर्द हो गए तैयार!

पति या पत्नी की तलाश के लिए लोग आम तौर पर डेटिंग ऐप, मैट्रिमोनियल साइट या दोस्तों-रिश्तेदारों का सहारा लेते हैं। लेकिन अमेरिका की एक महिला ने जो किया उसे जानकर आपके होश उड़ जाएंगे। उसने डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाने के बजाय सोशल मीडिया पर अपना गूगल फॉर्म शेयर कर दिया और पुरुषों से बाकायदा आवेदन मांग लिए। उसका ये तरीका कारगर रहा और 240 से ज्यादा पुरुषों नें फॉर्म भरकर दिलचस्पी दिखाई।
सोशल मीडिया पर पिन किया पति आवेदन फॉर्म
नॉर्थ कैरोलिना (शार्लेट) की रहने वाली 36 वर्षीय एरिन पैटरसन ने अपने लिए सही जीवनसाथी की तलाश में सोशल मीडिया प्रोफाइल पर एक गूगल फॉर्म शेयर कर उसे पिन कर दिया है, ताकि हर इच्छुक व्यक्ति आसानी से आवेदन कर सके। इस फॉर्म में एरिन ने अपने भावी पति के लिए शर्तें काफी स्पष्ट रखी हैं—वे एक ऐसे जीवनसाथी की उम्मीद कर रही हैं जो न केवल दिखने में आकर्षक हो, बल्कि समझदार, दयालु, वफादार और दरियादिल भी हो। साथ ही, वह व्यक्ति ऐसा होना चाहिए जो डेट पर मिलने, अच्छी बातें करने और एक-दूसरे को गहराई से समझने के लिए पूरी तरह तैयार हो।
इसलिए नहीं लिया डेटिंग ऐप का सहारा
एरिन के मुताबिक गंभीर रिश्ते की तलाश में उन्हें बार-बार निराशा हाथ लगी। इसलिए उन्होंने डेटिंग ऐप इस्तेमाल ना करने का फैसला किया। उन्होंने सोचा कि क्यों न शुरुआत में ही जरूरी सवाल पूछ लिए जाएं. उनका गूगल फॉर्म इसी सोच का नतीजा है.
240 से ज्यादा पुरुषों ने किया आवेदन
एरिन का यह प्रयोग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. 240 से ज्यादा पुरुषों ने फॉर्म भरकर उनकी तलाश में दिलचस्पी दिखाई. पोस्ट पर लोगों ने इसे सीधा, बोल्ड और अलग तरीका बताया. कुछ यूजर्स ने एरिन की कहानी का अपडेट देने को कहा, तो कई लोगों ने उनके लिए अच्छे जीवनसाथी की कामना की.
