मैकडॉनल्ड्स ने 3 साल की बच्ची की बोतल में डाल दिया उबलता पानी, घूँट भरते ही जल गई जीभ, कंपनी ने मांगी माफी

ठंडे पानी की जगह खौलते पानी की बोतल पीने से एक बच्ची की जीभ जल गई। सिंगापुर में छुट्टियां मनाने गए एक परिवार के साथ भयानक हादसा हुआ। तीन साल की बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। यह घटना मैकडॉनल्ड्स के एक आउटलेट पर हुई। इस दुखद घटना का वीडियो बच्ची के पिता ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो वायरल होते ही मैकडॉनल्ड्स की सेवाओं पर सवाल उठने लगे।
यह घटना 1 फरवरी को हुई। क्वींसवे के रीडआउट टी गार्डन में मैकडॉनल्ड्स के एक आउटलेट पर। सिंगापुर के पूर्व नेशनल फुटबॉलर रिधवान मोहम्मद ने 4 फरवरी को फेसबुक पर यह अनुभव शेयर किया। एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद के परिवार ने मैकडॉनल्ड्स के एक कर्मचारी से बच्ची की बोतल में पानी भरने को कहा। कर्मचारी ने उसमें ठंडे पानी की जगह खौलता हुआ गर्म पानी भर दिया। बोतल वापस करने पर भी उसे यह नहीं बताया गया कि उसमें गर्म पानी भरा है। बच्ची ने बोतल से घूंट लेते ही जोर से चीख मारी। देखा जा सकता है कि उसकी जीभ जल गई थी। बच्ची के माता-पिता घबराकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने कहा कि मोहम्मद की बेटी की जीभ बुरी तरह जल गई थी, जिससे उसे कई दिनों तक खाना खाने में दिक्कत हो सकती है।
मोहम्मद ने कहा कि वह इस घटना को लोगों के सामने ला रहे हैं ताकि दूसरे माता-पिता इससे सीख सकें। उन्होंने माता-पिता और रेस्टोरेंट दोनों को सलाह दी कि वे ज़्यादा सावधान रहें, खासकर छोटे बच्चों को खाना और ड्रिंक्स देते समय। मैकडॉनल्ड्स ने इस घटना के लिए माफ़ी मांगी है। कंपनी ने मोहम्मद को मुआवज़े के तौर पर 10 कूपन दिए हैं। मैकडॉनल्ड्स के एक स्पोक्सपर्सन ने मीडिया को बताया कि कस्टमर की सुरक्षा कंपनी की प्रायोरिटी है। कंपनी अपनी सर्विस को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है।
