नई पत्नी के साथ रील बनाता दिखा 'खोया हुआ पति' एक झलक ने ऐसे खोल दी सात साल पुरानी गुमशुदगी की गुत्थी

PC: news18
सोशल मीडिया अब केवल रील्स बनाने तक ही सीमित नहीं है बल्कि रील्स के जरिए कुछ गुनहगारों के चेहरे भी बेनकाब होते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ है उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में। यहां 7 साल पहले लापता हुए शख्स को रील बनाना भारी पड़ गया। उस शख्स की पत्नी ने उसे किसी और महिला के साथ रील बनाते हुए इंस्टाग्राम पर देख लिया, इसके बाद उसकी सारी करतूत सामने आ गई और वो जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया।
जब उसकी पत्नी ने 7 साल पहले लापता हुए शख्स की रील देखी तो उसके होश उड़ गए और वो सीधा थाने पहुंच गई। पत्नी का आरोप है कि उसका पति अब पंजाब के लुधियाना में दूसरी शादी करके रह रहा है। ये देख पुलिस भी हैरान रह गयी क्योंकि युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट साल 2018 में दर्ज हुई थी।
शादी, दहेज, फिर गायब
मामला संडीला थाना क्षेत्र के आटामऊ गाँव और मुरादनगर का है। मुरादनगर निवासी शीलू की शादी 28 अप्रैल, 2017 को जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू से हुई थी। शीलू के अनुसार, शादी के कुछ ही महीनों बाद, उसके पति और उसके परिवार वालों ने दहेज में सोने की चेन और अंगूठी की माँग शुरू कर दी। जब उसने माँग पूरी नहीं की, तो उसे जबरन ससुराल से निकाल दिया गया। इसके बाद, शीलू ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया। हालाँकि, जैसे ही पुलिस ने जाँच शुरू की, जितेंद्र अचानक लापता हो गया।
एक गलती ने साजिश को किया बेनकाब
22 अप्रैल, 2018 को जितेंद्र के पिता ने संडीला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती जाँच की, लेकिन जितेंद्र का पता नहीं चल पाया। इसके तुरंत बाद, उसके परिवार ने उसकी पत्नी और ससुराल वालों पर उसकी हत्या करके शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया। हालाँकि, समय के साथ मामला ठंडा पड़ गया। इसके बावजूद, जितेंद्र की पत्नी को यकीन था कि उसका पति एक दिन लौट आएगा। लेकिन अब, जितेंद्र की एक गलती ने सच्चाई और एक छिपी हुई साज़िश का पर्दाफ़ाश कर दिया है।
रील बनाते दिखा ‘गुमशुदा’ पति
अब सात साल बाद शीलू को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें जितेंद्र किसी अन्य महिला के साथ लुधियाना की लोकेशन पर रील बनाता दिखा. जिसके बाद शीलू ने इसकी शिकायत संडीला पुलिस से की. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की तो सारा भेद खुल गया. पुलिस ने जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है. वहीं, पत्नी का दावा है कि वह महिला उसकी दूसरी पत्नी है और जितेंद्र अब पंजाब में ही बस गया था.
