UPI Fraud Alert: खाते में गलती से आए पैसे वापस करने से पहले जान लें ये बात, वरना खाली हो सकता है अकाउंट

DD

PC: ZEE NEWS

अचानक आपके फोन पर मैसेज आता है कि किसी ने भूल से आपके बैंक अकाउंट में पैसे भेज दिए हैं और वह आपसे पैसे लौटाने की गुहार लगाता है। जब आप अपना बैलेंस चेक करते हैं, तो रकम वाकई में क्रेडिट हो चुकी होती है। ऐसे में इंसानियत के नाते पैसे वापस करना सही लग सकता है, लेकिन आपकी यह जल्दबाज़ी आपको किसी बड़े ऑनलाइन फ्रॉड में फंसा सकती है।
 
ठग फर्जी पेमेंट मैसेज, QR कोड और पैसे वापस मांगने के बहाने लोगों के खातों से रकम निकालने की कोशिश करते हैं। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति से पैसे मिलने पर कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

सबसे पहले चेक करें, खाते में पैसे आए भी हैं या नहीं
यदि कोई अनजान व्यक्ति आपके खाते में पैसे भेजने का दावा करे, तो उसके स्क्रीनशॉट या मैसेज पर भूलकर भी आँख बंद करके भरोसा न करें। इसके बजाय, खुद अपना बैंक अकाउंट या यूपीआई ऐप खोलकर ट्रांजैक्शन हिस्ट्री चेक करें और पैसे आने की तारीख, रकम, ट्रांजैक्शन आईडी तथा भेजने वाले की डिटेल का मिलान करें। यदि खाते में पैसे आने का कोई वास्तविक रिकॉर्ड नहीं मिलता है, तो गलती से भी किसी को रकम वापस न भेजें। वहीं, अगर पैसे सच में आ चुके हैं, तो फिलहाल उन्हें खर्च न करें और न ही किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करें। साथ ही, वित्तीय मामलों में सावधानी बरतते हुए सही जानकारी के साथ फॉरेक्स ट्रेड करें।

QR कोड स्कैन करने की गलती न करें
ठग कई बार पैसे वापस लेने के नाम पर क्यूआर कोड भेजते हैं। वे कहते हैं कि इसे स्कैन कर दो, पैसा वापस हो जाएगा। लेकिन QR कोड स्कैन करने के बाद अगर आप यूपीआई पिन डाल देते हैं तो आपके खाते से पैसे कट सकते हैं।

याद रखें, पैसे पाने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती। पिन का इस्तेमाल भुगतान की मंजूरी देने के लिए किया जाता है।किसी अनजान व्यक्ति को OTP, कार्ड नंबर, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या UPI PIN भी न बताएं।

पैसे वापस मांगने वाले को क्या जवाब दें?
अगर किसी ने सच में गलती से पैसे भेजे हैं तो उसे अपने बैंक या UPI सेवा देने वाली कंपनी में शिकायत दर्ज कराने को कहें। खुद से पैसे लौटाने का फैसला न करें। खासकर तब, जब सामने वाला रकम किसी दूसरे UPI ID या बैंक खाते में भेजने को कह रहा हो। अगर वह बार-बार फोन करे, धमकाए या तुरंत पैसे लौटाने का दबाव बनाए तो उससे बातचीत बंद कर दें। 

किसी भी अनचाहे लेन-देन या धोखाधड़ी से बचने के लिए सबसे पहले अपने बैंक के आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करें और पूरी जानकारी देकर आगे की प्रक्रिया की जानकारी लें। इसके साथ ही, मैसेज और ट्रांजैक्शन के सभी रिकॉर्ड संभालकर रखें—खास तौर पर बैंक ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट, व्हाट्सऐप चैट, एसएमएस और कॉल से जुड़ी जानकारियों को बिल्कुल न मिटाएं। भविष्य में यदि इस रकम को लेकर कोई शिकायत दर्ज होती है, तो ये सभी सबूत आपके बहुत काम आएंगे। ठगी का संदेह होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें। इसके अलावा, आप अपनी शिकायत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर दर्ज करा सकते हैं या मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं।

अनजान व्यक्ति से पैसे मिलने पर घबराएं नहीं और जल्दबाजी में रकम वापस न करें। पहले बैंक से पुष्टि करें। पैसे सुरक्षित रखें और वापसी के लिए बैंक की बताई प्रक्रिया अपनाएं।

From Around the web