Budget 2025: बजट में क्या सस्ता और क्या महंगा | देखें पूरी लिस्ट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को संसद में केंद्रीय बजट 2025 पेश किया। कई अहम घोषणाओं के साथ ही सीतारमण ने मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। वित्त मंत्री ने कहा कि 12 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले व्यक्तियों को नई कर व्यवस्था के तहत आयकर से छूट दी जाएगी। उन्होंने अगले सप्ताह नया आयकर विधेयक पेश करने का भी प्रस्ताव रखा। वित्त मंत्री ने कहा कि बजट 2025 विकास को गति देने, समावेशी विकास और भारत के मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने पर केंद्रित है। अपने बजटीय भाषण में उन्होंने 'विकसित भारत' विजन को रेखांकित किया, जिसमें शून्य गरीबी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सशक्त महिलाएँ शामिल हैं।
यहां देखें कि क्या महंगा हुआ और क्या सस्ता:
सस्ते हुए सामान
सरकार ने स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण क्षेत्रों में मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में छूट और कटौती का प्रस्ताव दिया है।
कैंसर के इलाज और दुर्लभ बीमारियों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 36 दवाओं को मूल सीमा शुल्क से छूट दी गई है। 37 और दवाओं को छूट दी गई है।
इलेक्ट्रॉनिक सामान: ओपन सेल और अन्य घटकों के लिए बीसीडी को घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है। एलईडी/एलसीडी भी सस्ती हो जाएंगी।
खनिज: कोबाल्ट उत्पादों, एलईडी, जिंक, लिथियम-आयन बैटरी स्क्रैप और 12 अन्य महत्वपूर्ण खनिजों को मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) से पूरी छूट दी गई है।
चमड़ा उत्पाद: वेट ब्लू लेदर को मूल सीमा शुल्क से पूरी छूट दी गई है।
जहाज निर्माण कच्चे माल को अगले 10 वर्षों के लिए बीसीडी से छूट दी जाएगी।
फ्रोजन फिश पेस्ट (सुरीमी): फ्रोजन फिश पेस्ट (सुरीमी) पर सीमा शुल्क 30% से घटाकर 5% कर दिया गया है।
ईवी बैटरी: ईवी बैटरी निर्माण के लिए 35 अतिरिक्त सामान, मोबाइल फोन बैटरी के लिए 28 अतिरिक्त सामान छूट प्राप्त पूंजीगत वस्तुओं की सूची में जोड़े जाएंगे।
महंगे हुए सामान
सरकार ने इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को 10% से बढ़ाकर 20% करने का प्रस्ताव दिया है, इसका असर टीवी और मोबाइल फोन पर पड़ेगा।
बुने हुए कपड़े।
नोट: जैसे-जैसे और जानकारी आएगी, सूची अपडेट की जाएगी।