Shocking : अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा अपडेट! पुलिस ने 2 आरोपियों का किया एनकाउंटर

सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खबर है कि इस मामले के दो आरोपी एनकाउंटर में मारे गए। दोनों आरोपियों के नाम सुमित और मोहित बताए जा रहे हैं।
अंकित बालियान बुधवार शाम करीब 6:45 बजे शामली थाने के एक जिम से बाहर निकला था। जब वह अपनी कार की तरफ जा रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमलावर दो बाइकों पर आते और फायरिंग करके भागते हुए दिख रहे हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, 4 शूटरों ने मिलकर अंकित की हत्या की। इसके अलावा, शक है कि हत्या से पहले दो लोगों ने रेकी की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि अंकित के शरीर पर पांच गोलियां लगी थीं। इनमें से दो सिर में लगीं। हत्या के बाद उत्तर प्रदेश STF और पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जांच तेज कर दी।
शामली समेत गाजियाबाद के लोनी, दिल्ली और सोनीपत इलाकों के CCTV फुटेज की जांच की गई। इस जांच से पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। अंकित के पिता सतवीर सिंह की शिकायत पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि चारों शूटर हरियाणा के हिसार और रोहतक इलाके के रहने वाले थे। पुलिस कार्रवाई में दो आरोपी मारे गए, जबकि दो और की तलाश जारी है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
