Crime: नाले में गिरने की झूठी कहानी रचकर पति ने की थी 65 वर्षीय पत्नी की हत्या, 3 महीने पहले ही की थी शादी

PC: navbharatlive
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले में एक 65 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके 35 वर्षीय पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए नाले में गिरने की मनगढ़ंत कहानी रची थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी पोल खोल दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने महज तीन महीने पहले ही अपनी रिश्ते की बड़ी मां से शादी की थी।
नाले में गिरने की गढ़ी थी झूठी कहानी
यह पूरी घटना सूरजपुर जिले के चेंद्रा पुलिस चौकी क्षेत्र के रेसरा गांव की है। यहां 65 वर्षीय लक्षण्ती बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के पति लालू पांडो ने पुलिस को गुमराह करते हुए बयान दिया था कि उसकी पत्नी नाले में गिरकर घायल हो गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
शुरुआत में पुलिस भी इस कहानी को सामान्य मानकर जांच कर रही थी, लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया, तो डॉक्टरों की रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख ही बदल दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि शरीर पर गंभीर पिटाई के निशानों और अंदरूनी चोटों के कारण हुई है।
महतारी वंदन योजना के पैसे निकालने गए थे दोनों
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस का शक पूरी तरह पति लालू पांडो पर गहरा गया। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 10 नवंबर को वह और उसकी पत्नी महतारी वंदन योजना की राशि निकालने के लिए गए थे। वहां से लौटते वक्त रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोपी का कहना है कि पत्नी द्वारा अपशब्द कहे जाने से वह गुस्से में आ गया और उसने रास्ते में ही महिला के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस पिटाई से महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने अपनी कारगुजारियों को छिपाने के लिए इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की थी।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
