कन्नड़ एक्टर शिवरंजन बोलानवर पर हुआ जानलेवा हमला
Jul 14, 2022, 12:55 IST

साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। कन्नड़ एक्टर शिवरंजन बोलानवर पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला किया है। यह हमला उनके घर के बाहर हुआ। खबरों के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने शिवरंजन पर उनके घर के बाहर 3 राउंड फायर किए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में एक्टर बाल-बाल बच गए।
पुलिस के मुताबिक अभिनेता हमलावारों के निशाने पर थे, लेकिन वह सुरक्षित है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि अभिनेता मंगलवार रात अपने माता-पिता से मिलने बेलहोंगल गए थे। उन्होंने जैसे ही अपने घर का दरवाजा खटखटाया मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
शिवरंजन कई कन्नड़ फिल्मों में नजर आ चुके हैं। उन्होंने वीरा भद्र, बीसी रक्ता, आटा हुदुगाता, अमृता सिंधु और राजा रानी सहित कई फिल्मों में अभिनय किया है।
